आज की रेसिपी हम शेयर कर रहे हैं खस्ता कचौरी के साथ आलू मटर की सब्ज़ी, जो उत्तर भारत का एक बेहद लोकप्रिय और पारंपरिक नाश्ता है। इस रेसिपी में बताया गया है कि किस तरह सही मोयन, धीमी आँच पर तलने की तकनीक और मसालेदार आलू मटर की ग्रेवी से बिल्कुल बाजार और हलवाई जैसी खस्ता कचौरी घर पर तैयार की जा सकती है।
यह रेसिपी खास तौर पर रविवार के नाश्ते, त्योहारों, मेहमानों या खास मौकों के लिए परफेक्ट है। कुरकुरी कचौरी और चटपटी आलू मटर की सब्ज़ी का यह कॉम्बिनेशन हर उम्र के लोगों को पसंद आता है। इसे आप हरी चटनी, इमली की चटनी और कटी प्याज़ के साथ सर्व कर सकते हैं।
खस्ता कचौरी बनाने की सामग्री
- मैदा – 2 कप
- सूजी – 2 टेबलस्पून
- नमक – स्वाद अनुसार
- अजवाइन – 1/2 टीस्पून
- घी या तेल – 4 टेबलस्पून (मोयन के लिए)
- पानी – गूंधने के लिए
पूरी बनाने की विधि
सबसे पहले एक बाउल में मैदा, सूजी, नमक और अजवाइन मिलाएँ। अब इसमें घी डालकर हाथों से मसलते हुए अच्छे से मिलाएँ ताकि मोयन सही बन जाए। जब मुट्ठी में दबाने पर आटा बंध जाए तब धीरे-धीरे पानी डालकर सख्त आटा गूंध लें।
आटे को ढककर 20–25 मिनट के लिए रख दें। जिससे कचौरी तलते समय अच्छे से फूले और खस्ता बनें। आराम के बाद आटे की मध्यम आकार की लोइयाँ बना लें और उन्हें हल्का सा बेलकर तैयार रखें। अब एक कढ़ाही में पर्याप्त तेल डालकर मध्यम आँच पर गरम करें और फिर कचौरियों को धीमी आँच पर डालकर अलट-पलट कर सुनहरा और कुरकुरा होने तक तल लें।
ध्यान रखें कि तेल ज्यादा गरम न हो, वरना कचौरी ऊपर से जल जाएँगी और अंदर से कच्ची रह सकती हैं। जब कचौरियाँ अच्छी तरह से सुनहरी और खस्ता हो जाएँ तो उन्हें तेल से निकालकर टिशू पेपर पर रख दें।
आलू मटर की सब्ज़ी बनाने कीसामग्री
- आलू – 3 मध्यम (उबले और कटे हुए)
- हरी मटर – 1 कप (उबली हुई)
- प्याज़ – 1 बड़ा (बारीक कटा)
- टमाटर – 2 (प्यूरी)
- अदरक-लहसुन पेस्ट – 1 टीस्पून
- हरी मिर्च – 2 (कटी हुई)
- जीरा – 1/2 टीस्पून
- हल्दी – 1/2 टीस्पून
- धनिया पाउडर – 1 टीस्पून
- लाल मिर्च पाउडर – 1 टीस्पून
- गरम मसाला – 1/2 टीस्पून
- तेल – 2 टेबलस्पून
- नमक – स्वाद अनुसार
- हरा धनिया – गार्निश के लिए
आलू मटर की सब्जी बनाने की विधि
अब आलू मटर की स्वादिष्ट सब्ज़ी बनाने की बारी आती है, जो इस नाश्ते का असली मज़ा बढ़ा देती है। इसके लिए सबसे पहले कढ़ाही में 2 टेबलस्पून तेल गरम करें और उसमें जीरा डालकर चटकने दें। इसके बाद कटा हुआ प्याज़ डालकर मध्यम आँच पर सुनहरा होने तक भूनें।
अब इसमें अदरक-लहसुन का पेस्ट और 2 बारीक कटी हरी मिर्च डालकर अच्छी खुशबू आने तक भूनें। इसके बाद टमाटर की प्यूरी डालें और मसाले को तब तक पकाएँ जब तक तेल अलग न होने लगे। अब इसमें हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर, लाल मिर्च पाउडर और स्वादानुसार नमक डालकर अच्छे से मिलाएँ।
मसाले अच्छे से भुन जाने के बाद इसमें उबले और कटे हुए आलू और उबली हरी मटर डालें और सब्ज़ी को मसालों के साथ अच्छी तरह से मिलाएँ। अब इसमें आवश्यकतानुसार पानी डालें और ढककर मध्यम आँच पर 8–10 मिनट तक पकने दें, जिससे आलू और मटर मसालों का स्वाद अच्छे से सोख लें।
आखिर में आधा छोटा चम्मच गरम मसाला डालें और बारीक कटा हुआ हरा धनिया डालकर गैस बंद कर दें।
गरमा-गरम खस्ता कचौरी को मसालेदार आलू मटर की सब्ज़ी, हरी चटनी और नींबू के टुकड़े के साथ सर्व करें। यह पारंपरिक नाश्ता स्वाद में लाजवाब होने के साथ-साथ पेट भरने वाला होता है और घर के हर सदस्य को बेहद पसंद आता है।
